जनता दरबार में 50 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं, कई का हुआ ऑन स्पॉट समाधान
निजाम खान।राष्ट्र संवाद
जामताड़ा : समाहरणालय सभागार में 26 सितंबर 2025 को आयोजित जनता दरबार में 50 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। आम जनता द्वारा भूमि विवाद, आपसी विवाद, मारपीट, आवास, कन्यादान योजना का लाभ नहीं मिलने, आंगनवाड़ी सेविका/सहायिका की नियुक्ति में देरी, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने, राशन कार्ड की समस्या और विद्यालयों में शिक्षक की कमी जैसी शिकायतें प्रस्तुत की गईं।
जनता दरबार में कई मामलों का ऑन स्पॉट समाधान किया गया। विद्यालय आए बच्चों को शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति का भरोसा दिया गया। दुर्गा पूजा को देखते हुए जले हुए ट्रांसफार्मर बदलने और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। वहीं कन्यादान योजना के लाभ से वंचित लाभुकों की शिकायत पर संबंधित कर्मियों को जमकर फटकार लगाई गई।
एक गरीब महिला की समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उसे 50 किलो चावल, 2 किलो दाल, आलू, तेल, चीनी आदि खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई और ग्रीन राशन कार्ड में नाम जोड़ने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में अपनी समस्याएं रखें ताकि उनका यथासंभव समाधान किया जा सके।

