जनता दरबार में महिला को मिला राहत राशन, ग्रीन कार्ड में नाम जोड़ने का निर्देश
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल एक बार फिर जनता दरबार में देखने को मिली। दरबार में पहुंची एक गरीब व लाचार महिला ने बताया कि उसका राशन कार्ड अब तक नहीं बना है, जिससे परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है। महिला की समस्या सुनकर उपायुक्त रवि आनंद ने तुरंत आपूर्ति विभाग को निर्देश देते हुए ग्रीन राशन कार्ड में नाम जोड़ने की कार्रवाई प्रारंभ कराई।
साथ ही महिला को त्वरित राहत देते हुए 50 किलो चावल, 2 किलो दाल, नमक, 5 किलो आलू, 2 लीटर सरसों तेल और चीनी सहित आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। परिवार की स्थिति को देखते हुए खाद्य सामग्री घर तक पहुंचाने के लिए वाहन की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इस पहल पर महिला व परिजनों ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रशासन के प्रति आभार जताया।
उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि आकस्मिक खाद्यान्न कोष की समीक्षा नियमित रूप से की जाए ताकि जिले में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, जिला आपूर्ति पदाधिकारी क्यूम अंसारी व विभागीय कर्मी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जन की समस्याओं का समाधान ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

