धनबाद रेलवे स्टेशन पर 41.22 लाख नकद बरामद
लगेज स्कैनर से पकड़ी गई रकम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद। रेलवे द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत धनबाद रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की गई। मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए चेकिंग अभियान में साउथ साइड लगेज स्कैनर से दो संदिग्ध व्यक्तियों के बैग से ₹41,22,400 नकद बरामद किया गया।
आरपीएफ और CIB टीम ने दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर रकम को सीलबंद कर शस्त्रागार में सुरक्षित रखा और आयकर विभाग को सौंप दिया। हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान हरेंद्र प्रसाद (50) और संतोष कुमार खरवार (45) निवासी सूर्यपुरा, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है।
आरपीएफ कमांडेंट अनुराग मीणा ने बताया कि आरोपियों ने रुपये को अखबार और गमछे में छुपाकर स्कैनर से बचने की कोशिश की थी, लेकिन जांच के दौरान पकड़ में आ गए। फिलहाल मामले की आगे की जांच आयकर विभाग कर रही है।

