बक्सर-टाटा सुपरफास्ट की बोगी में लगी आग, हड़कंप के बाद सुरक्षित निकाले गए यात्री
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। विद्यासागर और जामताड़ा स्टेशन के बीच कालाझरिया गांव के पास बक्सर-टाटा सुपरफास्ट ट्रेन की एक बोगी में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि इंजन के बाद तीसरी बोगी से धुआं और लपटें निकलने लगीं। स्थिति समझते ही लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन रोक दी।
अचानक हुई इस घटना से दहशत में आए यात्री बोगियों से कूदने लगे, हालांकि गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ और न ही किसी की जान गई। रेलवे स्टाफ ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह बोगी के नीचे छक्का (अंडर गियर) से उठी चिंगारी मानी जा रही है। करीब 45 मिनट तक ट्रेन मौके पर रुकी रही। हालात नियंत्रित होने के बाद इसे फिर रवाना किया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

