जमशेदपुर में बड़ा हादसा टला: स्कूली वैन दीवार से टकराई, दर्जनभर बच्चे व चालक घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बर्मा माइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत केपीएस स्कूल के पास मंगलवार को एक स्कूली वैन अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। हादसे में चालक समेत करीब एक दर्जन बच्चे चोटिल हो गए, हालांकि बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

जानकारी के अनुसार, वैन में तीन से चार स्कूलों के लगभग 16 बच्चे सवार थे। वैन सुंदरनगर की ओर जा रही थी तभी सामने से आ रहे ट्रक से बचने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन दीवार से टकरा गया।

वैन क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बच्चों को हल्की चोटें आईं। सूचना पर बर्मा माइंस पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

