चाईबासा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 10 लाख का ईनामी नक्सली ढेर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के रेलापेराल जंगल में रविवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान कोबरा जवानों ने 10 लाख के ईनामी नक्सली जोनल कमांडर अमित हांसदा उर्फ अपटन को मार गिराया।

मुठभेड़ के बाद मौके से एक हथियार भी बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे कोबरा जवान नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन पर निकले थे, तभी नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं।

फिलहाल इलाके में सर्च अभियान जारी है और सुरक्षाबलों ने आसपास के क्षेत्रों को घेर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से नक्सलियों के मनोबल पर गहरा असर पड़ेगा।

