नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधार ऐतिहासिक : रघुवर दास
नवरात्रि से पहले आम जनता और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत, पीएम मोदी और वित्त मंत्री को जताया आभार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार के ‘नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधार’ को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी परिषद के निर्णय आत्मनिर्भर और सशक्त अर्थव्यवस्था की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

श्री दास ने कहा कि वर्ष 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद देश के राजस्व में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2017-18 में जहां राजस्व 82 हजार करोड़ था, वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष में यह बढ़कर औसतन 2 लाख 4 हजार करोड़ तक पहुँच गया है।

उन्होंने बताया कि आगामी 22 सितंबर से लागू होने वाले सुधारों के तहत कपड़े और रेडीमेड गारमेंट्स पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा जूते, मनिहारी, किराना सामान, दवाइयां, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण, मोटरसाइकिल, छोटी कारें, कृषि उपकरण, हस्तशिल्प, टाइल्स, सीमेंट व अन्य आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स में कटौती की गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे आम जनता के ईज ऑफ लिविंग में सुधार होगा, औद्योगिक उत्पादन को गति मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। झारखंड जैसे राज्यों में यह निर्णय वरदान साबित होंगे।

उन्होंने झारखंड की जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार प्रकट करते हुए व्यापारियों और नागरिकों से टैक्स सुधारों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। श्री दास ने कहा कि यह कदम भारत को अगले 25 वर्षों में विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार करेगा। संवाददाता सम्मेलन में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा के साथ प्रवक्ता प्रेम झा उपस्थित थे

