अर्का जैन यूनिवर्सिटी में रैगिंग के दौरान सिख छात्र की पगड़ी खींचने का प्रयास, थाना में शिकायत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।प्रखंड के मुसरीकुदर स्थित अर्का जैन विश्वविद्यालय के सीनियर छात्रों द्वारा रैंगिंग के दौरान विरोध करने पर नवजीत सिद्धू नामक जूनियर सिख छात्र की पगड़ी खींचे जाने के बाद काफी हंगामा किया गया। इस दौरान बात हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गई। बताया जाता है कि हाथापाई के दौरान ही सीनियर छात्रों द्वारा नवजोत की पगड़ी को खींचकर खोलने की कोशिश की गई। इसका विरोध उक्त छात्र के द्वारा किया गया और मामला सिख समुदाय के धार्मिक संगठनों तक पहुंच गया। तत्पश्चात, काफी संख्या में सिख समुदाय के छात्र व स्थानीय लोग इसकी शिकायत करने गम्हरिया थाना पहुंचे।

इस बावत पगड़ी पर हाथ रखने वाले छात्र के खिलाफ थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। बताया गया है कि सूरद यादव, प्रभात, प्रीतम यादव, अमन एवं विक्की नामक छात्रों द्वारा उंक्त सिख छात्र से मारपीट की गई एवं उसकी पगड़ी खींचने की कोशिश की गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। विदित है कि अर्का जैन विश्वविद्यालय अक्सर कुछ ना कुछ विवादों को लेकर चर्चा में रहा है। विश्वविद्यालय के अंदर रैंगिंग पूर्णतः वर्जित है। इसके बावजूद सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर छात्रों से रैगिंग कराया जाना विश्वविद्यालय के अनुशासन पर सवालिया निशान उठाने लगा है।


