चाईबासा में रेल हादसे में हाथी की मौत, रेलवे और वन विभाग की लापरवाही पर सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा: चक्रधरपुर रेल मंडल के सोनाखान स्टेशन के पास गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हुआ। भुवनेश्वर–धनबाद स्पेशल ट्रेन ने रेल पटरी पर टहल रहे एक विशाल हाथी को टक्कर मार दी। हादसे में हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया और वन विभाग की टीम द्वारा इलाज के दौरान दोपहर में उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे ट्रेन पूरी रफ्तार से गुजर रही थी, तभी हाथी अचानक ट्रैक पर आ गया। चालक ने आपात ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन टक्कर नहीं टल सकी। हादसे से रेल परिचालन घंटों प्रभावित रहा और कई गाड़ियां जैसे गया–मुंबई सुपरफास्ट एक्सप्रेस, राउरकेला–भुवनेश्वर इंटरसिटी, आजाद हिंद एक्सप्रेस और संबलेश्वरी एक्सप्रेस को रोकना पड़ा।

स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह क्षेत्र एलिफेंट कॉरिडोर के रूप में चिन्हित है, बावजूद इसके समय पर रेलवे को अलर्ट नहीं भेजा गया। वन विभाग और रेलवे के बीच समन्वय की कमी को ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों ने हाथी की मौत का कारण बताया।

उन्होंने कहा कि लगातार इस तरह की घटनाएं वन्यजीव संरक्षण और यात्रियों की सुरक्षा दोनों के लिए खतरा बन रही हैं।

