पूर्वी सिंहभूम के 50 सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति पत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड सरकार की ओर से स्नातक पास सहायक आचार्यों को मंगलवार को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इसी कड़ी में पूर्वी सिंहभूम जिले के 50 सफल अभ्यर्थियों को जिला मुख्यालय में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

जिले से कुल 55 सहायक आचार्य चयनित किए गए हैं, जिनमें से पांच को रांची में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपा, जबकि शेष 50 अभ्यर्थियों को जिला मुख्यालय में नियुक्ति पत्र दिए गए।

नियुक्ति पत्र वितरण के बाद उपायुक्त ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य सरकार ने उनसे बड़ी उम्मीदें रखी हैं। उन्होंने आह्वान किया कि सभी चयनित सहायक आचार्य निष्ठा, ईमानदारी और पूरी तत्परता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर खुशहाल झारखंड निर्माण में योगदान दें।


