मुसाबनी प्रखंड में उपायुक्त का निरीक्षण, आकांक्षी प्रखंड इंडिकेटर की समीक्षा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मुसाबनी। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मुसाबनी प्रखंड के बादिया और बगालपाड़ा स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और लैंपस का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी सेविकाओं से पोषण आहार, टीकाकरण और पूर्व शिक्षा गतिविधियों की जानकारी लेकर गुणवत्तापूर्ण पोषण व साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं और औषधि भंडारण की समीक्षा की गई तथा स्वास्थ्यकर्मियों को गर्भवती महिलाओं और बच्चों की नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। लैंपस में किसानों को बीज, खाद, उपकरण और ऋण सुविधा की जानकारी देने पर जोर दिया गया।

इसके बाद प्रखंड मुख्यालय में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, आजीविका और आधारभूत संरचना से जुड़े संकेतकों की समीक्षा हुई। उपायुक्त ने कहा कि लक्ष्य समयबद्ध पूरे कर योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


