लातेहार में सांसद कालीचरण सिंह ने किया गुरुकुल – बालिका छात्रावास का उद्घाटन

राष्ट्र संवाद संवाददाता
लातेहार प्रखंड अंतर्गत माको स्थित गुरुकुल – बालिका छात्रावास का उद्घाटन आज सांसद चतरा श्री कालीचरण सिंह, विधायक लातेहार श्री प्रकाश राम तथा जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती पूनम देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया। 100 बेड वाले इस नए छात्रावास का शुभारंभ शैक्षणिक सत्र 2025-26 से किया गया।

जिला प्रशासन द्वारा इस छात्रावास में निःशुल्क JEE और NEET कोचिंग सुविधा प्रारंभ की गई है। साथ ही छात्राओं को निःशुल्क आवासीय सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर सांसद श्री सिंह ने कहा कि यह छात्रावास ग्रामीण एवं वंचित तबके की मेधावी छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद करेगा। उन्होंने कहा, “शिक्षा ही समाज में फैली कुरीतियों और बुराइयों को दूर करने का सबसे सशक्त माध्यम है। माता-पिता बच्चे के पहले गुरु होते हैं, इसलिए शिक्षा की जिम्मेदारी अभिभावकों और शिक्षकों दोनों की है।” उन्होंने छात्राओं को अनुशासन, मेहनत और नियमित अध्ययन को जीवन का मूल मंत्र बनाने की प्रेरणा दी।
उद्घाटन समारोह के दौरान उप विकास आयुक्त श्री सैय्यद रियाज अहमद, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, अपर समाहर्ता श्री रामा रविदास, डीआरडीए निदेशक श्री प्रभात रंजन चौधरी, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री श्रेयांश, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत श्री राजीव रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री गौतम कुमार साहू, जिला योजना पदाधिकारी श्री समीर कुल्लू सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
इस अवसर पर परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

