गम्हरिया पुलिस ने 20 घंटे में लूटी गई टाटा एस मालवाहक बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया : गम्हरिया थाना क्षेत्र से रविवार को लूटी गई टाटा एस मालवाहक वाहन को पुलिस ने महज 20 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी सूरजदेव महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, वाहन को उषा मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पीछे से बरामद किया गया। जांच में पता चला कि सूरजदेव महतो और उसके सहयोगी विनय ने वाहन को कब्जे में लिया था। पूछताछ में सूरजदेव ने बताया कि रास्ते में उसकी मोटरसाइकिल को टाटा एस चालक ने टक्कर मार दी थी, जिससे गुस्से में आकर उसने गाड़ी छीनकर फरार हो गया।

वहीं वाहन मालिक अमित कुमार वर्मा ने बताया कि बाइक सवार मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी से टकरा गया था और कारण पूछने पर वह गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गया। शिकायत मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


