जमशेदपुर की नगरपालिकाएं योजनाओं पर कुंडली मार कर बैठी हैं : सरयू राय
सरयू राय विधानसभा में शासन की चरमराई स्थिति को जोर-शोर से उठाएंगे
कुछ थानेदार पूर्व में तय अवैध रकम से अब ज्यादा वसूली कर रहे हैं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने कहा कि वह विधानसभा में राज्य की चरमराई शासन व्यवस्था का मुद्दा जोर-शोर से उठाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री को भी आगाह किया है कि यदि प्रशासन को सक्षम, गतिशील और जिम्मेदार नहीं बनाया गया, तो बजट और अनुपूरक बजटों में अरबों रुपये खर्च होने के बावजूद योजनाओं का ठोस परिणाम नहीं मिलेगा।

सरयू राय ने कहा कि जमशेदपुर की नगरपालिकाएं योजनाओं पर कुंडली मार कर बैठ जाती हैं। गली-नाली सफाई, पेयजल, जनसुविधाएं, विधायक/सांसद निधि की योजनाएं और जिला योजना की योजनाएं सब अधर में लटकी रहती हैं। टाटा स्टील और सरकारी निकायों में समन्वय न होने से हालात और बिगड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यालय और जिला स्तर पर योजनाओं की प्रॉपर मॉनिटरिंग न होने से ही काम लटकते हैं और गुणवत्ता भी गिरती है। विधानसभा सत्र में वह सरकार को सुझाव देंगे कि सीएमओ और डीसी कार्यालय में मजबूत मॉनिटरिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

पुलिस विभाग पर सवाल उठाते हुए सरयू राय ने कहा कि कई थाना क्षेत्रों में जुआ, मटका, अवैध शराब और वसूली खुलेआम चल रही है। शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ थानेदार पूर्व निर्धारित “लेन-देन सीमा” से अब डेढ़-दोगुना वसूली करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जमशेदपुर में यह स्थिति है तो राज्य के अन्य जिलों में भी यही हाल होगा।

सरयू राय ने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री, उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक को और सख्ती से शासन-प्रशासन को नियंत्रित करना होगा, तभी अरबों रुपये की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंच सकेगा और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सकेगी।


