टुईलाडूंगरी में भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का भूमि पूजन संपन्न, पंचमी से खुलेगा पट
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी टुईलाडूंगरी के भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का भूमि पूजन आज विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। यह अनुष्ठान पंडित निरंजन रथ और पंडित प्रदीप्त कुमार दास की देखरेख में किया गया। पूजा कमिटी के मुख्य संरक्षक राजू गिरी, अध्यक्ष मिथिलेश सिंह यादव और महासचिव दिनेश कुमार ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना की।

महासचिव दिनेश कुमार ने बताया कि यह पूजा 1934 से निरंतर आयोजित की जा रही है। आजादी से पहले इसे शहर में पहली उड़िया पूजा के रूप में पहचान मिली थी। अब यह पंडाल अपनी भव्यता और माँ दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा के लिए प्रसिद्ध है। हर वर्ष अलग-अलग थीम और सामाजिक संदेश के साथ इसे सजाया जाता है, जिसे देखने शहर और गांव-गांव से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।

यहाँ हर साल भव्य मेले का आयोजन भी किया जाता है और माँ दुर्गा की प्रतिमा शहर में विशेष पहचान रखती है। इस वर्ष भी पंडाल एक नया संदेश देगा। पूजा कमिटी ने बताया कि पंचमी के दिन पूजा पंडाल का पट शहरवासियों के लिए खोल दिया जाएगा।


