राष्ट्र संवाद संवाददाता,
साहिबगंज : गुरुवार की देर रात मालदा रेलखंड अंतर्गत तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर बरहरवा के प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में अहम सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया, जिसमें दो नाबालिग बालिकाओं को संदिग्ध परिस्थिति में रेस्क्यू किया गया। अभियान रात्रि 22:00 से 23:30 बजे तक प्लेटफॉर्म संख्या एक के पश्चिमी छोर पर संचालित हुआ, जिसमें कांस्टेबल बबलू मुर्मू एवं अमरेश कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान में बाल संरक्षण संस्था “मंथन”, तीनपहाड़ की प्रतिनिधि सबनम प्रवीण का विशेष सहयोग रहा।
प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि जांच के दौरान टीम को प्लेटफार्म पर दो नाबालिग बालिकाएं संदिग्ध स्थिति में घूमती मिलीं। पांच वर्षीय प्रियंका कुमारी, पिता-दुलाल मंडल, निवासी बाला पोखर मसकलईया, थाना तालझारी, जिला साहिबगंज (झारखंड) व 13 वर्षीय रूपाली कुमारी, पिता-दुलाल मंडल, पता वही, ने प्रारंभिक बयान में बताया कि वे पारिवारिक विवाद के कारण घर से भागकर कोलकाता जाने के उद्देश्य से ट्रेन में सवार हुई थीं, किंतु तीनपहाड़ स्टेशन पर उतर गईं। उनकी गतिविधियों व बयानों से संतुष्ट न होने पर, सुरक्षा एवं संरक्षण के दृष्टिकोण से दोनों को अस्थायी हिरासत में लिया गया। तत्पश्चात सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूर्ण करते हुए उन्हें बाल संरक्षण संस्था “मंथन” की प्रतिनिधि शबनम प्रवीण को सौंप दिया गया। इस त्वरित व सतर्क कार्रवाई के लिए आरपीएफ टीम एवं बाल संरक्षण इकाई की क्षेत्रीय स्तर पर प्रशंसा की जा रही है।

