सावन में चमत्कार! परसुडीह शिव मंदिर में नंदी बाबा ने ग्रहण किया दूध श्रद्धालुओं में आस्था की लहर, मंदिर में उमड़ी भीड़
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:सावन के पवित्र महीने में जमशेदपुर के परसुडीह स्थित प्राचीन शिव मंदिर में एक अद्भुत और आस्था से जुड़ी घटना सामने आई है। मंगलवार रात श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दूध को मंदिर में स्थापित नंदी बाबा की प्रतिमा द्वारा ग्रहण किए जाने की बात कही जा रही है। इस खबर के फैलते ही सैकड़ों श्रद्धालु रात में ही मंदिर पहुंच गए, दीप जलाए, पुष्प अर्पित किए और “हर हर महादेव” तथा “नंदी बाबा की जय” के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।

मंदिर समिति के सदस्यों ने इसे ईश्वरीय कृपा का संकेत बताया और कहा कि यह घटना साधारण नहीं, बल्कि सावन माह में विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रमाण है। श्रद्धालुओं ने बताया कि दूध धीरे-धीरे प्रतिमा में समा गया, जो सबके लिए एक रहस्यमयी और दिव्य अनुभव था। इस चमत्कार को लेकर क्षेत्र में गहरी आस्था, उत्सुकता और श्रद्धा का माहौल है। लोग इसे सावन में ईश्वर की विशेष उपस्थिति का प्रतीक मान रहे हैं।


