मानगो गोलीकांड का पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-9 में 15 जुलाई की रात हुए गोलीकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों – शाहीद अली उर्फ काला बाबू, मो. महबुब उर्फ टीकू और फैसल अख्तर उर्फ अल्फी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन देशी पिस्टल, 13 जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है। घटना जवाहर नगर रोड नंबर 8 के निवासी मो. अली पर जानलेवा हमले से जुड़ी है।

हालांकि शुरुआत में गोली चलने की पुष्टि नहीं हो पाई थी, लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय, पश्चिम) के नेतृत्व में तीनों को पकड़ लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि गोलीकांड आपसी विवाद का परिणाम था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1)/3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

