दलमा शिव मंदिर में भक्तों से नहीं लिया जाएगा कोई एंट्री शुल्क, राज्य सरकार का निर्देश जारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर/सरायकेला। दलमा स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में भक्तों से एंट्री शुल्क लिए जाने को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद पर अब विराम लग गया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि दलमा शिव मंदिर आने वाले किसी भी श्रद्धालु से किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, चाहे वे पैदल आएं या वाहन से। इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी और विभिन्न हिंदू संगठनों ने राज्य सरकार एवं वन विभाग के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन किए थे। आखिरकार सरकार ने मामले का संज्ञान लेते हुए भक्तों को राहत दी है।

इस संबंध में वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO) शब्बा आलम ने जानकारी देते हुए बताया कि, “राज्य सरकार की ओर से निर्देश आया है कि दलमा शिव मंदिर आने वाले किसी भी भक्त से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह निर्णय आज से प्रभावी होगा।” डीएफओ ने यह भी अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अफवाहों पर ध्यान न दे। उन्होंने बताया कि भक्तों की सुविधा के लिए वन विभाग की ओर से मंदिर में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस निर्णय से श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है और धार्मिक संगठनों ने सरकार के फैसले का स्वागत किया है।

