मानगो नगरपालिका चुनाव: मेयर पद को ओबीसी के लिए आरक्षित करने की मांग, राजद ने सौंपा राज्य सरकार को ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:मानगो नगर निगम क्षेत्र में आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की जिला इकाई ने राज्य सरकार से मेयर पद को ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग), पिछड़ा या अति पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित करने की मांग की है।

राजद प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में एक ज्ञापन उपायुक्त के माध्यम से झारखंड सरकार को सौंपा। राजद जिला अध्यक्ष ने कहा कि मानगो क्षेत्र ओबीसी, पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग बहुल इलाका है, इसलिए यहां के लोगों की समस्याओं और सामाजिक आवश्यकताओं को इसी वर्ग से आने वाला जनप्रतिनिधि बेहतर तरीके से समझ और समाधान कर सकता है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है कि मेयर पद को उपयुक्त वर्ग के लिए आरक्षित किया जाए, ताकि हाशिए पर खड़े वर्गों को भी विकास में भागीदारी का अवसर मिल सके।

