केरला पब्लिक स्कूल कदमा में एनुअल प्राइज नाइट 2025 का भव्य आयोजन
टॉपर्स को मिला सम्मान, एसएसपी पीयूष पांडेय ने की हौसला अफजाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।केरला पब्लिक स्कूल (केपीएस) कदमा में शुक्रवार को एनुअल प्राइज नाइट 2025 का भव्य आयोजन किया गया। यह समारोह स्कूल के आईसीएसई और आईएससी परीक्षाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर के सीनियर एसपी श्री पीयूष पांडेय उपस्थित रहे, जिन्होंने मेधावी छात्रों को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें ज्ञान के प्रकाश का प्रतीक रूप से स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्कूल की चेयरपर्सन श्रीमती मनोरमा नायर, निदेशक शरतचंद्रन, अकादमिक निदेशक श्रीमती लक्ष्मी आर., सहायक निदेशक श्रीमती शांता वैद्यनाथन, प्राचार्या श्रीमती शर्मिला मुखर्जी, और मुख्य अध्यापिका श्रीमती अलमेलु रविशंकर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

प्राचार्या श्रीमती शर्मिला मुखर्जी ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें वर्ष भर की शैक्षणिक और सह-पाठ्य गतिविधियों में मिली उपलब्धियों का उल्लेख किया गया। इस अवसर पर छात्रों द्वारा स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने समां बाँध दिया। इसके बाद स्कूल के निदेशक भारत चंद्रन ने बच्चों को सफलता के लिए बधाई दी और अभिभावकों व शिक्षकों के योगदान की सराहना की। पुरस्कार वितरण समारोह में स्कूल टॉपर्स को विशेष ट्रॉफियाँ, नकद पुरस्कार और उत्कृष्टता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

साथ ही उन 31 शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया, जिनके मार्गदर्शन में छात्रों ने अपने विषयों में 90% से अधिक अंक हासिल किए। यह शिक्षक सम्मान स्कूल की उस सोच को दर्शाता है, जो प्रत्येक सफलता के पीछे शिक्षक के समर्पण और परिश्रम को भी बराबर का श्रेय देता है। मुख्य अतिथि एसएसपी पीयूष पांडेय ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “सपने देखने की हिम्मत ही सफलता की पहली सीढ़ी होती है।” उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को सराहा और नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक रहने का आह्वान किया। अभिभावकों से भी उन्होंने नशा उन्मूलन में सहयोग की अपील की। समारोह का समापन वरिष्ठ समन्वयक श्रीमती टी. वीणा के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ गरिमापूर्ण ढंग से हुआ।

