माझी टोला की महिला रहस्यमय तरीके से लापता, पति ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
गुलाबी साड़ी पहन निकली थी घर से, देर शाम तक नहीं लौटी; अनहोनी की जताई आशंका
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला:आदित्यपुर थाना क्षेत्र के माझी टोला से एक महिला के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति सुमन कर ने सोमवार को थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी पत्नी रेखा देवी दोपहर 3:30 बजे घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। सुमन कर ने बताया कि उन्होंने पत्नी की तलाश अपने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के क्षेत्रों में की, लेकिन कहीं भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने आशंका जताई है कि रेखा देवी या तो कहीं चली गई हैं या फिर किसी अनहोनी की शिकार हो गई हैं।

पुलिस को दिए आवेदन में सुमन ने अपनी पत्नी की पहचान संबंधी जानकारी साझा की है—उम्र 27 वर्ष, रंग सांवला, कद 5 फीट और अंतिम बार गुलाबी साड़ी में देखी गई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की तलाश शुरू कर दी गई है और सभी संभावित स्थानों की जांच की जा रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को महिला के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत थाने को सूचित करें।


