पथ निर्माण विभाग मनोहरपुर के लापरवाही से चक्रधरपुर टोकलो मुख्य पथ में
गोबरी नाला पर बन रहा पुलिया अधूरा, बारिश के कारण तीन प्रखंड के हजारों लोग शहर से कटे
राष्ट्र संवाद संवाददाता रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर प्रखंड के चक्रधरपुर टोकलो मुख्य पथ में कोलचकड़ा पंचायत स्थित गोबरी नाला में बन रहे पुलिया का एप्रोच सड़क नहीं बनने के कारण तीन प्रखंडों के हजारों लोग चक्रधरपुर शहर से कट गए हैं. पिछले 48 घंटे से हो रही लगातार बारिश से नाला का जलस्तर बढ़ गया है वही पुलिया निर्माण कार्य भी अधूरा है. गोबरीनाला में दो मा पहले 69 लाख रुपये की लागत से तीन सेल का बॉक्स कलवर्ट का निर्माण किया जा रहा था. लेकिन संवेदक की लापरवाही और पथ निर्माण विभाग मनोहरपुर प्रमंडल की अनदेखा के कारण बारिश से पहले पुलिया निर्माण कार्य को पूर्ण नहीं किया गया. जिससे ग्रामीण नाराज हैं. कार्य शुरू होने से पहले ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया था कि गोबरी नाला पर बरसात से पूर्व कलवर्ट का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा. जिससे इस मार्ग पर चलने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. अचानक मानसून आ गई और लगातार पिछले 48 घंटे से हो रही मूसलधार बारिश के कारण नदी नाला में जलस्तर बढ़ गया. इधर अचानक किसी व्यक्ति की स्वस्थ खराब होता है तो उसे अस्पताल लाने में भी परेशानी होगी.
एप्रोच सड़क नहीं बनने से हजारों लोग शहर से कटे
गोबरीनाला में बन रहे पुलिया का एप्रोच सड़क टूटने से तीन प्रखंड कुचाई, खरसावां व चक्रधरपुर के आधा हिस्से में निवास करने वाले हजारों ग्रामीण शहर से कट गए हैं. कोलचोकडा, हाथिया, गोपीनाथपुर, हतनातोडांग, केनके, भरनियां, नलिता पंचायत के सैकड़ो गांव के साथ-साथ कुचाई व खरसावां प्रखंड के कई पंचायत के ग्रामीण चक्रधरपुर शहर से कट गए हैं. हजारों ग्रामीणों को शहर आने के लिए अधिक दूरी तय करना पड़ेगा. सबसे अधिक स्कूली बच्चों को आवाजाही करने में परेशानियां उठानी पड़ रही है.
विधायक को भी शहर आने में तय करनी होगी अधिक दूरी
कोलचोकडा पंचायत के बनमालीपुर गांव में विधायक सुखराम उरांव रहते हैं. जहां उनके आलीशान मकान है. उन्हें भी शहर आने में अधिक दूर तय करनी पड़ेगी. जहां पर पुलिया निर्माण हो रहा है वहां से महाराज 500 मीटर दूर पर ही विधायक सुखराम उरांव का आवास स्थित है.

