जिले में लगातार हो रही वर्षा से संभावित बाढ़ की आशंका को लेकर उपायुक्त ने की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक, सभी ऐहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां:जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा एवं जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु आज उपायुक्त श्री नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने संवेदनशील एवं संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्रों की पहचान करते हुए वहां निवासरत लोगों को ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने तथा रहने, भोजन एवं स्वास्थ्य से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार तिरपाल एवं खाद्य राहत सामग्री के वितरण हेतु स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त, उपायुक्त ने प्रभावित क्षेत्रों में बिजली के खंभों से लटकते तारों को सुरक्षित करने, पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने खरकई एवं स्वर्णरेखा नदियों के बढ़ते जलस्तर तथा चांडिल डैम के खोले गए गेटों के कारण संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्रों की नियमित निगरानी, जनहानि से पूर्ण बचाव हेतु समुचित सुरक्षा एवं राहत उपाय, तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिला एवं प्रखंड स्तरीय नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय रहेंगे तथा सभी पदाधिकारी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करेंगे। साथ ही, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर जलस्तर की सतत निगरानी, माइकिंग तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से जनसामान्य को सतर्क करने एवं समय रहते उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य रूप से अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री रवि प्रकाश, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सभी कार्यपालक दंडाधिकारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारीगण एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

