सड़क हादसा में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई रामगोपाल जेना
चाईबासा जैंतगढ़ थाना क्षेत्र में मुख्य सड़क पर गुरुवार दोपहर में बड़ा सड़क हादसा हो गया। इसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। यह हादसा बैतरणी नदी के समीप हुई है। दुर्घटना के पश्चात मौके पर अफरातफरी मच गई। लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
बताते हैं कि मझगांव निवासी 42 वर्षीय एमडी अलाउद्दीन और जैंतगढ़ गुमरिया निवासी सुभाष महतो अपने दोस्त के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज़ रफ़्तार में आ रही बाइक से मोड़ के पास सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार युवक सड़क पर दूर छिटक गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और तीनों को इलाज के लिए जैतगढ़ लाया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एमडी अलाउद्दीन और सुभाष महतो को मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रख दिया गया है। सुभाष महतो का दोस्त गंभीर रूप से घायल है, जिसे डॉक्टर ने रेफर कर दिया है। दुर्घटना की खबर दोनों मृतक के घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों बाइक को जब्त कर लिया है।

