जमशेदपुर पुलिस ने दूर किया ट्रैफिक पुलिस का डर, जनता से संवाद बढ़ाने की पहल
जागरूकता कार्यक्रमों से जनता को जोड़ने की कोशिश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 12 जून:अक्सर देखा गया है कि सड़क पर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी भर से ही वाहन चालकों के मन में चालान कटने का डर बैठ जाता है। इस धारणा को बदलने के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस ने आम जनता के साथ संवाद स्थापित कर उनके मन से इस भय को दूर करने की पहल की है। इस अभियान की शुरुआत गोलमुरी थाना क्षेत्र से की गई है, जहां थाना प्रभारी भूषण कुमार के नेतृत्व में पुलिस-जनता के बीच संवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है।
थाना प्रभारी भूषण कुमार का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस दिन-रात नागरिकों की सुरक्षा और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रहती है। ऐसे में यदि किसी बात को लेकर पुलिस और जनता के बीच मतभेद की स्थिति उत्पन्न होती है, तो जनता को इसे गलत तरीके से नहीं लेना चाहिए, बल्कि सहयोग की भावना से आगे आना चाहिए।
गोलमुरी थाना क्षेत्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को ट्रैफिक नियमों और पुलिस की भूमिका को लेकर शिक्षित किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य है कि आम नागरिक पुलिस को सिर्फ एक दंडात्मक संस्था नहीं, बल्कि एक सहयोगी इकाई के रूप में देखें। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जब दोनों पक्षों के बीच बेहतर संवाद और समझ होगी, तो सड़क पर होने वाले अनावश्यक विवादों में भी स्वतः कमी आएगी।

इस पहल से यह आशा की जा रही है कि आने वाले दिनों में न केवल ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास व सहयोग का नया अध्याय भी शुरू होगा।

