पलायन रोको, नौकरी दो’ पदयात्रा के दौरान बेगूसराय पहुंचे राहुल गांधी, कन्हैया कुमार के साथ किया जनसंपर्क, बुलडोजर से हुई फूलों की बारिश
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ पदयात्रा के तहत सोमवार को बिहार के बेगूसराय पहुंचे। यहां पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। सड़कों पर बैंड-बाजा, घोड़े और झंडे लेकर बड़ी संख्या में लोग पदयात्रा में शामिल हुए। पूरे माहौल को एक उत्सव जैसा रूप दे दिया गया।
राहुल गांधी के साथ कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार और कई अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता भी इस पदयात्रा में शामिल रहे। पदयात्रा की शुरुआत शहर के सुभाष चौक से हुई, जो कपस्या चौक तक पहुंची। पूरे मार्ग में राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया गया। खास बात यह रही कि स्वागत के दौरान जगह-जगह बुलडोजर के माध्यम से फूलों की वर्षा की गई, जिसने पूरे कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
इस पदयात्रा का उद्देश्य बिहार में बढ़ते पलायन और बेरोजगारी के मुद्दों को उजागर करना है। राहुल गांधी ने पदयात्रा के माध्यम से आम लोगों से संवाद किया और युवाओं को रोजगार देने के लिए केंद्र सरकार की विफलताओं को लेकर सवाल उठाए। स्थानीय लोगों ने भी भारी उत्साह के साथ इस यात्रा में भाग लिया, जिससे यह साफ हो गया कि बेरोजगारी और पलायन का मुद्दा लोगों के दिलों से जुड़ा हुआ है।
कांग्रेस की यह पदयात्रा आने वाले चुनावों के मद्देनज़र युवाओं को जोड़ने और सरकार की नीतियों के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश मानी जा रही है।