आदित्यपुर पुलिस को विवेक सिंह हत्याकांड में मिली बड़ी सफलता, साजिशकर्ता बबलू दास हुआ गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
अमन ओझा
सरायकेला जिले के आदित्यपुर पुलिस को कुख्यात अपराधी बबलू दास के गिरफ्तारी में सफलता प्राप्त हुई है। आरोपी आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्पनापूरी पहाड़ी के पास बीते 20 जून को हुए विवेक सिंह हत्याकांड का मुख़्य साजिशकर्ता था। गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर अपराधी बबलू दास उर्फ अनिरुद्ध दास की गिरफ्तारी आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलडीह बस्ती आदित्य गार्डन के पीछे से पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर की।
थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि गैंगवार में अपराधकर्मी विक्की नंदी के सहयोगी विवेक सिंह की कल्पनापुरी पहाड़ी के पास 20 जून को गोली मारकर हत्या की गई थी। साजिशकर्ता आरोपी बबलू दास ने योजनाबद्ध तरीके से हत्याकांड को अंजाम दिलवाया था।
हत्याकांड के अन्य आरोपी पूर्व में ही गिरफ्तार हो चुके हैं। अपराधी बबलू दास से जुड़े अन्य आरोपी और गैंग में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की गिरफ्त में आया अपराधी बबलू दास उर्फ अनिरुद्ध दास जमशेदपुर व सरायकेला जिले में हत्या, रंगदारी, लूट, बमबाजी
जैसे कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। गिरफ्तारी को लेकर गठित छापामारी दल में थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के अलावा सब इंस्पेक्टर चंचल कुमार, धीरेंद्र कुमार व सशस्त्र बल शामिल थी।

