नई दिल्ली: चंद्रयान 2 के आईआईआरएस पेलोड द्वारा ली गई चांद की सतह की पहली तस्वीर इसरो ने साझा की है. इसरो ने अपने ट्विटर अकाउंट से यह तस्वीर जारी की है. तस्वीर में प्रमुख क्रेटर्स नजर आ रहे हैं, जिनमें समरफील्ड, स्टेबिन्स और किर्कवुड शामिल हैं. आईआईआरएस को चांद की सतह से परावर्तित होने वाले प्रकाश को मापने के मकसद से डिजाइन किया गया है.बता दें कि चंद्रयान 2 के लैंडर को विक्रम को चांद की दक्षिणी सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करनी थी. लेकिन लैंडिंग से महज कुछ मिनट पहले ही लैंडर से सम्पर्क टूट गया. दुनिया भर में इसरो के इस प्रयास की काफी प्रशंसा हुई थी. इसरो का कहना था कि लैंडर भले ही सफल लैंडिंग न कर पाया हो, लेकिन ऑर्बिटर अब भी चांद की सतह के चक्कर लगा रहा है.सोमवार को नासा के एलआरओ ने उसे जगह की कई तस्वीरें लीं, जहां माना जाता है कि विक्रम गिरा होगा. इससे पहले तस्वीर लेने की कोशिश पिछले महीने (17 सितंबर को) भी की गई थी, लेकिन कम रोशनी के चलते अच्छी तस्वीरें नहीं ली जा सकी थीं. बुधवार को नासा के एलआरओ प्रोजेक्ट के वैज्ञानिक नोआ पेट्रो ने बताया कि इस बार रोशनी काफी बेहतर थी.उन्होंने बताया कि हम पूरी शिद्दत से तलाश करेंगे और जल्द ही पता लगा लेंगे कि विक्रम के साथ क्या हुआ था. उन्होंने बताया कि ताजा तस्वीरों का अध्ययन अभी कैमरा टीम द्वारा किया जा रहा है. आने वाले कुछ दिनों में इस बारे में और जानकारी मिल सकती है.
