तेल अबीब. इजराइल-हमास युद्ध का आज 46वां दिन है. इस बीच इजराइली की सेना ने पिछले 24 घंटे में हमास के 300 ठिकाने तबाह किए हैं. वहीं इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने खुफिया एजेंसी मोसाद को पूरी दुनिया में हमास के आतंकियों को ढूंढने के आदेश दिए हैं. उन्होंने गाजा में चल रहे ऑपरेशन को बढ़ाते हुए ये आदेश दिया है. उन्होंने कहा कि हमास के आतंकी जहां कहीं भी हों उन्हें पकड़ा जाना चाहिए. ज्यादातर लीडर्स कतर और बेरूत में रहते हैं.
गाजा के सबसे बड़े अल-शिफा अस्पताल के डायरेक्टर मोहम्मद अबु सालमिया को गिरफ्तार कर लिया है. ये जानकारी अस्पताल के चीफ ऑफ डिपार्टमेंट ने एएफपी को दी है. उन्होंने बताया कि सालमिया के अलावा कई सीनियर डॉक्टरों को भी गिरफ्तार किया गया है. वहीं शिन बेत व इजराइल की खुफिया एजेंसियां इनसे पूछताछ कर रही है. अबु सालमिया को आईडीएफ ने गाजा के दक्षिणी हिस्से की तरफ जाते वक्त पकड़ा था. हालांकिए सेना ने अब तक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है.
गाडिय़ों में किया जाएगा मृतकों का अंतिम संस्कार-
इजराइल सैकड़ों लोगों की गाडिय़ों का अंतिम संस्कार करेगा. यरुशलम पोस्ट के मुताबिकए हमास के हमले में जिन लोगों की मौत हुई थी. उनमें से कई लोगों के शव नहीं मिले थे. ऐसे में अब इनकी गाडिय़ों को अंतिम विदाई दी जाएगी. इधर लेबनान पर इजराइल के हवाई हमलों के बीच हिजबुल्लाह सांसद के बेटे की भी मौत हो गई है.
टला सीजफायर-
दूसरी ओर सीजफायर समझौते के बाद आज होने वाली बंधकों की अदला-बदली को टाल दिया गया है. नेतन्याहू सरकार के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी. हालांकि बाद में एक अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार से पहले ऐसा कर पाना नामुमकिन है. हमास व इजराइल के बीच डील के लिए अभी आधिकारिक दस्तावेज साइन नहीं हुए हैं. इसलिए समझौते पर अभी अमल नहीं किया जा सकता. दोनों पक्ष आज जरूरी डॉक्यूमेंट्स पर साइन कर सकते हैं.
इजराइल का हमास के नॉर्थ गाजा ब्रिगेड हेडक्वार्टर पर कब्जा-
इधर रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने कहा कि हम भले ही धीरे-धीरे, लेकिन हमास के मिलिट्री स्ट्रक्चर को जरूर तबाह करेंगे. इजराइली सेना ने हमास के नॉर्थ गाजा ब्रिगेड हेडक्वार्टर पर कब्जा कर लिया है. सेना के अनुसार यहां कई आतंकियों को भी मार गिराया गया है. हेडक्वार्टर शेख जैद इलाके में स्थित है. यहां हमास के कई बड़े लीडर्स रहते हैं. यहां रेड के दौरान सेना को सुरंग मिली जो 50 मीटर गहरी और 7 मीटर चौड़ी है. यहां रॉकेट लॉन्चिंग साइट भी मौजूद है. नॉर्थ गाजा ब्रिगेड हेडक्वार्टर के कंपाउंड में वो गाडिय़ां मिली हैं जो 7 अक्टूबर को इजराइल पर हुए हमले में इस्तेमाल की गई थीं. हमास आतंकी पिकअप ट्रक, बाइक, कार के जरिए इजराइल में दाखिल हुए थे. सेना के यहां कई हथियार भी मिले हैं.
हिजबुल्लाह भी युद्धविराम में शामिल होगा
अल जजीरा के मुताबिकए लेबनान के आतंकी संगठन हिजबुल्लाह भी चार दिन के युद्धविराम में शामिल होगा. हालांकि इजराइल और लेबनान ने सीजफायर पर बातचीत नहीं की है. हिजबुल्लाह की टॉप लीडरशिप का कहना है कि वो भी अगले 4 दिन इजराइल पर हमला नहीं करेंगे. हिजबुल्लाह ने हमास के हमले के एक दिन बादए यानी 8 अक्टूबर को इजराइल पर हमला किया था. इसके बाद से इजराइल पर लेबनान बॉर्डर से भी हमले हो रहे हैं.
मस्जिदों से हमले कर रहा हमास-
इजराइली सेना ने एक वीडियो जारी कर कहा कि हमास के आतंकी मस्जिदों से हमला कर रहे हैं. वीडियो इजराइली हमले में तबाह की गई एक मस्जिद का है. यहां हथियारों को स्टोर करके रखा जा रहा था. सेना को यहां मोर्टार, मिसाइलें, थर्मोबेरिक हथियार मिले हैं. सेना ने वीडियो के साथ लिखा जहां प्रार्थना होनी चाहिए वहां से हमले हो रहे हैं. ये आतंक का घर बन चुके हैं.
हमलों में 100 फिलिस्तीनियों की मौत-
इजराइल ने गाजा के अस्पतालों व रिफ्यूजी कैम्पस पर रातभर हमले किए. इस दौरान करीब 100 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई. 7 अक्टूबर से शुरू हुई इजराइल हमास जंग में अब तक 1200 इजराइलियों और 14 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है. इनमें 5600 बच्चे और 3500 से ज्यादा महिलाएं हैं. 6 हजार से ज्यादा लोग लापता हैं.

