गढ़वा : सड़क निर्माण में बरती जा रही है भारी अनियमितता
गढ़वा : जिले के कांडी प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत राजा घटहुआँ गांव में सड़क निर्माण में बरती जा रही भारी अनियमितता को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने विरोध किया। सतबहिनी झरना तीर्थ के मुख्य गेट से चोरांटी पहाड़ तक सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है।ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव में पीसीसी पथ निर्माण व गांव से बाहर कालीकरण सड़क निर्माण का प्रावधान है। गांव में पीसीसी पथ निर्माण होने से पूर्व किया जाने वाला कार्य ठीक नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व निर्मित सड़क को जेसीबी से खुदाई कर उसी मिट्टी को फैलाकर चौड़ी करण कर दिया गया है। जबकि संवेदक द्वारा मिट्टी डालकर ऊंचाई करने के बाद अन्य कार्य किया जाना चाहिए था। ग्रामीणों ने फिलहाल सड़क निर्माण कार्य को रोक दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि रामधन राम के घर से लक्ष्मण राम के घर तक सड़क गढ़ा में ही है। केवल गांव के बाहर सड़क पर मिट्टी डाली गई है। ग्रामीणों ने कहा कि सर्वप्रथम तो सड़क निर्माण से पूर्व सड़क की मापी होनी चाहिए। इसके बाद सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होना चाहिए। ग्रामीणों ने बताया कि पिंटू मेहता की दुकान से धनंजय राम के घर तक लगभग 10 दिन पूर्व सड़क की मापी हुई थी। जबकि मापी पूरे गांव की सड़क की होनी चाहिए। ग्रामीणों ने बताया कि मोड़ पर केवल 12 फिट ही चौड़ाई है, जहां कोई वाहन भी नहीं मुड़ पाएगी।
जबकि सड़क का निर्माण 12.4 फिट चौड़ा होना है। ग्रामीणों ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर सड़क की मापी होगी, तभी सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। किसी की निजी जमीन में सड़क का निर्माण होना ठीक नहीं है। ग्रामीणों ने कहा कि पहले बनी सड़क पर ग्रामीणों का ध्यान नहीं था, लेकिन कागजात व नक्शे से पता चला कि सड़क कहीं और है और सड़क निर्माण कहीं और हो रहा है। संवेदक द्वारा बरती जा रही लापरवाही पर आरोप लगाने वालों में कुंदन कुमार, उमेश राम, सरयू राम, सुदामा राम, बुचुन राम, श्रवण मेहता, महेंद्र राम, श्याम कुमार राम, धनंजय राम, अनिल राम, सुरेंद्र राम, फुलेंद्र राम, श्यामबिहारी राम, संजय राम सहित काफी संख्या में ग्रामीणों का नाम शामिल है।

