लुआवासा पुलिया की जर्जर स्थिति पर बंटी सिंह चिंतित, 30 सितंबर से RCC मरम्मत का निर्णय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। लुआवासा पुलिया की जर्जर स्थिति को लेकर समाजसेवी बंटी सिंह ने चिंता जताते हुए जिला प्रशासन को मरम्मतीकरण की अनुमति सह सूचना पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों के आग्रह पर पुलिया का निरीक्षण किया गया, जहां स्थिति काफी जर्जर पाई गई। दुर्गापूजा के दौरान बढ़ने वाली आवाजाही को देखते हुए उन्होंने 30 सितंबर 2026 से जनसहयोग एवं अपने स्तर पर RCC कार्य कराने का निर्णय लिया है।
बंटी सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और ग्रामीणों की सुरक्षा में सहयोग करना है। उन्होंने प्रशासन से संबंधित विभाग के अधिकारियों से स्थल निरीक्षण कराकर पुलिया का स्थायी एवं तकनीकी रूप से उचित मरम्मतीकरण कराने की मांग की।
इस मौके पर आजसू प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने कहा कि बंटी सिंह का जनहित में आगे आना सामाजिक दायित्व का उदाहरण है। आजसू पार्टी जनसेवा के ऐसे प्रयासों में सदैव सहयोग करेगी। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाया।
ज्ञापन देने वालों में बंटी सिंह, अप्पू तिवारी, अविनाश झा, आदित्य चौहान, राकेश सिंह, परवीन सिंह, साकेत गर्ग, सतीश राय, विवेक शर्मा, रोहित चौधरी और आशु समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

