21 जिला परिषद सदस्यों ने सौंपा ज्ञापन, 15 दिन में मांगें नहीं मानी तो करेंगे धरना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जिला परिषद की सामान्य बैठक गुरुवार को हंगामेदार रही। बैठक में 21 सदस्यों ने हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन उप विकास आयुक्त सह जिला परिषद सचिव नागेंद्र पासवान को सौंपते हुए आक्रोश जताया। सदस्यों ने कहा कि उनकी समस्याओं और मांगों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सदस्यों ने ज्ञापन के जरिए 10 सूत्री मांगें रखीं। इनमें जिला परिषद सदस्यों की अनुशंसित योजनाओं पर संवेदकों की मनमानी रोकने, वर्षों से बकाया मानदेय और TA/DA का भुगतान करने, रजिस्टर्ड संवेदकों की सूची व कार्य आवंटन को सार्वजनिक करने और बैठक को समय पर आयोजित करने जैसी मांगें प्रमुख रहीं।
सदस्यों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो सामूहिक रूप से जिला परिषद कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने ज्ञापन पर गंभीरता से विचार करने और समस्याओं का समाधान ससमय करने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि हाल ही में जिला पार्षद डॉ. कविता परमार की शिकायत के बाद जिस काम को संवेदक ने 14 महीनों तक लंबित रखा था, उसे मात्र 14 घंटे में पूरा कर दिया गया। इस उदाहरण को देखते हुए सदस्यों ने सवाल उठाया कि यदि इच्छाशक्ति हो तो कार्य त्वरित गति से हो सकता है।

