पश्चिमी सिंहभूम में 10 नवंबर से शुरू होंगे 11 एकलव्य आवासीय विद्यालय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिलादंडाधिकारी चंदन कुमार की अध्यक्षता एवं परियोजना निदेशक-आईटीडीए जयदीप तिग्गा की मौजूदगी में जिले के 12 एकलव्य आवासीय मॉडल विद्यालयों की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में बताया गया कि तोरसुंदरी (खूंटपानी) विद्यालय पहले से संचालित है, जबकि 11 नए एकलव्य विद्यालय — नोआमुंडी, मनोहरपुर, सोनुआ, गुदड़ी, मंझारी, मझगांव, टोंटो, हाटगम्हरिया, तांतनगर, गोईलकेरा और कुमारडुंगी — में पठन-पाठन कार्य 10 नवंबर 2025 से प्रारंभ होगा। इनमें पांच पेरेंट्स एवं पांच सिस्टर विद्यालय हैं।
उपायुक्त ने विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं, बिजली-पानी, छात्रावास व्यवस्था, फर्नीचर, राशन, साफ-सफाई कर्मियों की उपलब्धता सहित सभी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित तिथि तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने संबंधित एजेंसियों को विद्युत कनेक्शन, फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट, राशन आपूर्ति और भवनों की मरम्मत शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि विद्यालय शुरू होने के बाद जिला स्तरीय टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया जाएगा और खामियां मिलने पर कार्रवाई होगी।

