इस बार बिहार का चुनाव केवल सत्ता के लिए संघर्ष नहीं, बल्कि नेतृत्व की विश्वसनीयता की परीक्षा भी
देवानंद सिंह
बिहार विधानसभा चुनावों का मौसम एक बार फिर से राजनीतिक बयानबाज़ी और चुनावी रणनीतियों के उफान से भर गया है। राज्य की सियासत में एक बार फिर वही पुराना सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बन पाएंगे, या क्या इस बार तेजस्वी यादव का महागठबंधन जनता का दिल जीत लेगा? पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को है और उससे पहले सभी दलों ने अपनी-अपनी राजनीतिक बिसात पूरी ताकत के साथ बिछा दी है।
तेजस्वी यादव, जो अब महागठबंधन के मुखर चेहरा बन चुके हैं, ने एनडीए पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि एनडीए बिहार में कभी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। यह बयान केवल एक राजनीतिक आरोप नहीं, बल्कि उस अनिश्चितता की तरफ़ इशारा है, जो नीतीश कुमार की नेतृत्व स्थिति को लेकर एनडीए में लंबे समय से चल रही है। तेजस्वी के इस कथन में राजनीतिक सूझबूझ तो है ही, साथ ही एक मनोवैज्ञानिक हमला भी छिपा है, यानी जनता के मन में यह प्रश्न डालना कि क्या वाकई नीतीश कुमार अब भाजपा के लिए उपयोगी या स्वीकार्य हैं।
तेजस्वी यादव का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद बिहार की कई रैलियों में उतर चुके हैं और महागठबंधन पर राजनीतिक गुंडागर्दी और वंशवाद जैसे पुराने आरोप दोहराते हुए जनता से अपील कर रहे हैं कि वे जंगलराज की वापसी को रोकें। प्रधानमंत्री का यह कथन कि राजद ने कांग्रेस से बंदूक के बल पर मुख्यमंत्री का पद छीन लिया, एक स्पष्ट संकेत है कि भाजपा इस चुनाव में नीतीश कुमार को अपने “मुख्य चेहरा” के रूप में आगे न रखकर, राजद-विरोधी भावनाओं को हवा देना चाहती है।
लेकिन इस समीकरण में सबसे दिलचस्प पहलू यही है कि एनडीए के भीतर ही नीतीश कुमार की स्थिति को लेकर जो अस्पष्टता है, उसे तेजस्वी यादव ने राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि यह बात नीतीश कुमार को भी पता है कि एनडीए उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। आने वाले समय में यह सबको देखने को मिलेगा। यह बयान एक तरह से नीतीश कुमार की व्यक्तिगत राजनीतिक पहचान को चुनौती देता है कि वह व्यक्ति जिसने अपने जीवन का अधिकांश हिस्सा सुशासन बाबू की छवि बनाने में लगाया, अब उसी छवि पर विपक्ष सवाल उठा रहा है कि क्या नीतीश के पास अब निर्णय की स्वतंत्रता भी बची है या नहीं।
बिहार की राजनीति की यही विशेषता है कि यहां हर चुनाव केवल मुद्दों का नहीं, बल्कि व्यक्तित्वों का भी होता है। नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव, दोनों एक-दूसरे के प्रतिपक्ष के रूप में जनता की सोच में स्थापित हैं। नीतीश उस पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसने मंडल राजनीति से निकलकर शासन में स्थिरता और संयम का दौर लाया, जबकि तेजस्वी उस नई पीढ़ी के नेता हैं जो युवा आकांक्षाओं, रोजगार और विकास की भाषा बोलते हैं। दोनों की विचारधारा और राजनीतिक शैली में जितना अंतर है, उतनी ही प्रतिस्पर्धा उनके बीच भविष्य की दिशा तय करने को लेकर है।
तेजस्वी यादव का एक और अहम आरोप यह है कि एनडीए ने बिहार में विकास को रोक दिया है। लोग गुजरात में फैक्ट्री, आईटी पार्क, डाटा सेंटर जैसी बातें करते हैं, लेकिन बिहार में ऐसा कुछ नहीं हो रहा। उनका यह कथन केवल चुनावी बयान नहीं बल्कि एक गहरी सामाजिक-आर्थिक चिंता को उजागर करता है। बिहार का युवा आज भी रोजगार और अवसरों के लिए बाहर जाने को मजबूर है। शिक्षा संस्थानों की गुणवत्ता, औद्योगिक निवेश की कमी, और बुनियादी ढांचे की जर्जर स्थिति, ये सब ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर हर चुनाव में चर्चा होती है, मगर समाधान अधूरा रह जाता है।
एनडीए की ओर से प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा नेता इस तर्क को देते हैं कि बिहार में केंद्र की योजनाओं से विकास हो रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत में जनता को वह बदलाव महसूस नहीं हो रहा जिसकी उम्मीद वर्षों से की जा रही थी। तेजस्वी यादव इस असंतोष को भांप चुके हैं और उन्होंने युवाओं के बीच रोजगार, पलायन और सामाजिक न्याय जैसे विषयों को अपना मुख्य चुनावी एजेंडा बनाया है। तेजस्वी का यह कहना कि एनडीए के राज में हत्या और लूट बढ़ रही है और सरकार ही अपराधियों को संरक्षण दे रही है, सीधे तौर पर नीतीश कुमार की उस सुशासन छवि पर प्रहार है, जिसके सहारे उन्होंने लगभग दो दशकों तक बिहार की राजनीति में अपनी साख बनाए रखी। अगर, जनता में यह धारणा मजबूत होती है कि कानून-व्यवस्था बिगड़ चुकी है और विकास रुक गया है, तो यह महागठबंधन के लिए एक मजबूत राजनीतिक अवसर बन सकता है।
दूसरी ओर, एनडीए अपनी ओर से यह संदेश देने में जुटा है कि तेजस्वी यादव और राजद की सरकार का मतलब जंगलराज की वापसी है। यह तर्क भाजपा के लिए पुराना और कारगर रहा है, लेकिन अब इसकी धार कमजोर पड़ती दिख रही है, क्योंकि युवा मतदाता वर्ग नई पीढ़ी के नेताओं में बदलाव की उम्मीद देख रहा है। महागठबंधन की तरफ़ से यह दावा किया जा रहा है कि सभी सहयोगी दलों में पूर्ण एकता है और मुख्यमंत्री पद या टिकट वितरण को लेकर कोई मतभेद नहीं है। तेजस्वी यादव का यह कहना कि अगर, किसी को कई पद दिया जा रहा है तो सबकी सहमति से किया जा रहा है। महागठबंधन के भीतर चल रही राजनीतिक समरसता का संदेश देने का प्रयास है। मगर यह भी सच है कि अंदरूनी प्रतिस्पर्धा और सीट बंटवारे की खींचतान किसी भी बड़े गठबंधन का हिस्सा होती है, और महागठबंधन इससे अछूता नहीं है।
अब अगर बिहार के चुनावी परिदृश्य को बड़े संदर्भ में देखा जाए तो यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि राजनीतिक दिशा बदलने का अवसर बन गया है। नीतीश कुमार, जिन्होंने कई बार पाला बदलकर खुद को सत्ता के केंद्र में बनाए रखा, अब अपने राजनीतिक अस्तित्व की सबसे कठिन परीक्षा से गुजर रहे हैं। वहीं, तेजस्वी यादव, जिन्होंने कभी लालू के बेटे के रूप में राजनीति शुरू की थी, अब एक स्वतंत्र और परिपक्व नेता के रूप में अपनी पहचान गढ़ने की कोशिश में हैं।
बिहार की जनता के सामने एक कठिन विकल्प है। एक ओर स्थिरता और अनुभव का प्रतीक नीतीश कुमार हैं, तो दूसरी ओर परिवर्तन और नई ऊर्जा का प्रतीक तेजस्वी यादव। भाजपा, जो एनडीए की प्रमुख शक्ति है, वह नीतीश के अनुभव का लाभ तो लेना चाहती है, परंतु मुख्यमंत्री पद को लेकर स्पष्ट प्रतिबद्धता देने से बच रही है। यही अस्पष्टता तेजस्वी के बयान को और प्रासंगिक बनाती है।
राजनीति में बयानबाज़ी अक्सर केवल शब्दों की लड़ाई नहीं होती, बल्कि मनोवैज्ञानिक रणनीति होती है। तेजस्वी ने जब कहा कि एनडीए कभी नीतीश को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी, तो यह केवल भाजपा पर हमला नहीं, बल्कि नीतीश के समर्थकों में असुरक्षा की भावना जगाने का एक तरीका भी है। यह संदेश उनके मतदाताओं तक जाता है कि नीतीश अब भाजपा के लिए बोझ बन चुके हैं।
वहीं, भाजपा का रुख यह दिखाता है कि वह बिहार में डबल इंजन सरकार के नाम पर वोट मांगने के बजाय खुद को केंद्र में रखकर प्रचार कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी की रैलियों का केंद्र नीतीश नहीं, बल्कि राजद विरोध और भ्रष्टाचार विरोध है। आख़िर में, बिहार चुनाव एक बार फिर वही पुरानी जद्दोजहद दोहरा रहा है, विकास बनाम जाति, स्थिरता बनाम परिवर्तन, और अनुभव बनाम युवा आकांक्षा। तेजस्वी यादव अपने भाषणों में लगातार यह संदेश दे रहे हैं कि अब बिहार को नई दिशा चाहिए, जबकि नीतीश कुमार का जोर है कि काम बोलता है। जनता किसकी बात सुनती है, यह तो 6 नवंबर की वोटिंग और उसके बाद आने वाले परिणाम तय करेंगे, लेकिन इतना तो तय है कि इस बार बिहार का चुनाव केवल सत्ता के लिए संघर्ष नहीं, बल्कि नेतृत्व की विश्वसनीयता की परीक्षा भी है, जहां एक तरफ़ नीतीश कुमार की राजनीतिक यात्रा का भविष्य दांव पर है, वहीं दूसरी ओर तेजस्वी यादव की राजनीतिक परिपक्वता की कसौटी। बिहार की जनता तय करेगी कि उन्हें अनुभव की स्थिरता चाहिए या परिवर्तन की नई लहर, और यही फैसला आने वाले वर्षों में बिहार की राजनीति की दिशा तय करेगा।

