साइबर ठगी में ₹1.90 लाख गायब, पोटका का युवक शिकार जियो सिम के बंद होते ही हुआ बैंक अकाउंट से फ्रॉड
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा:देवेंद्र महाकुड़, शाह स्पंज एंड पावर लिमिटेड में कार्यरत हाता निवासी युवक साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर भारतीय स्टेट बैंक, रायरंगपुर शाखा से ₹1.90 लाख की रकम निकाल ली।

28 जून को देवेंद्र का जियो नंबर अचानक बंद हो गया था। हल्दीपोखर स्थित जियो शोरूम से जानकारी मिली कि उनका आधार कार्ड अपडेट नहीं होने के कारण सिम बंद हुआ था। इसके बाद देवेंद्र ने गम्हरिया के एक साइबर कैफे से आधार अपडेट कराया और 7 जुलाई को सिम फिर से चालू हुआ। तभी देवेंद्र ने बैंक बैलेंस चेक किया और पाया कि 26 बार में ₹1.90 लाख निकाल लिए गए थे।

पोटका थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। इस बीच, जादूगोड़ा और पोटका में साइबर अपराधियों का गिरोह सक्रिय है। कई युवाओं पर अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है, और पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों की तलाश की जा रही है।


