रामगढ़ व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, बंगला ईमेल से मचा हड़कंप
राष्ट्र संवाद संवादाता
रामगढ़ कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, प्रशासन अलर्ट पर
रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब रामगढ़ व्यवहार न्यायालय (कोर्ट) को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के आधिकारिक ईमेल पर बंगला भाषा में भेजी गई है। धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया।
सूचना के बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और पुलिस की विशेष टीम ने कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे ईमेल की जांच साइबर विशेषज्ञों की मदद से की जा रही है। ईमेल किस स्थान से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और न्यायालय परिसर सहित जिले के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

