राज्य सरकार अपनी नाकामियों को केंद्र पर थोपना चाहती है: भाजपा
● दूसरे राज्यों में फंसे लोगों को लाने में अक्षम साबित हो रही झारखंड सरकार : दिनेश
भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के उस वक्तव्य की आलोचना की जिसमें उन्होंने अन्य राज्यों में फँसे श्रमिकों, छात्रों और मरीजों को वापस लाने के लिए केंद्र सरकार से विशेष ट्रैन परिचालन प्रारंभ करने की माँग की है। भारतीय जनता पार्टी ने सरकार के इस वक्तव्य को राजनीति से प्रेरित और गैरजिम्मेदाराना बताया। गुरुवार को जमशेदपुर महानगर भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह चिंताजनक है कि राज्य के सीएम इतने लापरवाह कैसे हो सकतें है। कहा कि कोरोना संक्रमण ना फैले इसी नीतिगत निर्णय के तहत ही केंद्र सरकार ने रेल और हवाई सेवा को बंद रखा है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी सरकार की नाकामी को केंद्र सरकार पर थोपने का प्रयास कर रहे हैं। कहा कि झारखंड सरकार के सीएम और मंत्री पहले मज़दूरों को लाने की अनुमति ना मिलने का रोना रो रहें थे और जब गृह मंत्रालय ने सशर्त अनुमति दे दी है तब रेल सेवा चालू करने का बहाना कर हेमंत सरकार पल्ला झाड़ने की कोशिशें कर रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि राज्य सरकार जिम्मेदारी नहीं संभाल पा रही है तो भाजपा से मदद लें। जमशेदपुर से भी काफी संख्या में छात्र ,मरीज और श्रमिक बाहर दूसरे राज्यो में फंसे है जो लगातार संपर्क कर रहे है उनके परिवार के लोग भी चिंतित है।