गोलमुरी में सड़क सुरक्षा को लेकर आंदोलन, डिवाइडर पूरा कराने की मांग पर तीसरे दिन भी भूख हड़ताल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गोलमुरी इलाके में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों का आंदोलन रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। आकाशदीप प्लाजा के पास से शुरू होने वाले डिवाइडर को गोलमुरी चौक तक पूरा कराने की मांग को लेकर कुछ लोग अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अधूरे डिवाइडर के कारण वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित नहीं हो पा रही है और सड़क पार करने वाले पैदल यात्रियों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से सड़क सुरक्षा की समस्या के बावजूद ठोस पहल नहीं हुई है।
आंदोलनकारियों ने ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर डिवाइडर का निर्माण गोलमुरी चौक तक पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठोस पहल होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।

