कांग्रेस DPAC की बैठक में संगठन को मजबूत करने और जनआंदोलन की रणनीति पर मंथन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस की DPAC (डिस्ट्रिक्ट पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी) की पांचवीं बैठक जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में जमशेदपुर परिसदन के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई। बैठक में जिला प्रभारी शशिभूषण राय की मौजूदगी में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और जिला स्तरीय राजनीतिक गतिविधियों को तेज करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में लोकसभा और विधानसभा स्तर पर चौपाल आयोजित कर जनता की समस्याओं का संकलन और समाधान के लिए जनआंदोलन खड़ा करने, नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने तथा आगामी पंचायत चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों के चयन पर चर्चा हुई। छह विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन, लोकसभा स्तर पर जनसभा-रैली और संगठन की विभिन्न कमिटियों को मजबूत करने की रणनीति भी तय की गई।
बैठक में SIR कार्य में BLA-2 की सक्रियता बढ़ाने, पार्टी के निर्धारित आंदोलनों को सफल बनाने और संगठन में अनुशासन बनाए रखने के लिए अनुशासन समिति के गठन का निर्णय लिया गया। साथ ही 7 सितंबर को रांची में राजभवन के समक्ष प्रस्तावित महाधरना में पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं से शामिल होने की अपील की गई।
बैठक में तय किया गया कि जनसमस्याओं को लेकर चयनित नेता नियमित रूप से जनता के बीच रहेंगे, नुक्कड़ सभाएं करेंगे, क्षेत्र का भ्रमण करेंगे और नए लोगों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने का अभियान चलाएंगे। बैठक का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया। इस दौरान रियाजुद्दीन खान, आनंद बिहारी दुबे, संजीव श्रीवास्तव समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

