जमशेदपुर बर्मा माइन्स सुनसुनिया गेट के पास ट्रेलर की चपेट में आने से युवक की मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित सुनसुनिया गेट के पास मंगलवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक सागर गोप की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सागर गोप बाइक से बर्मामाइंस की ओर से साकची जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे सुनसुनिया गेट के समीप एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सागर ट्रेलर के पहियों के बीच फंस गया और वाहन उसे कई मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे को देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेलर को रुकवाया और काफी प्रयास के बाद युवक को पहियों के बीच से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल टीएमएच पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर थाना ले गई। वहीं हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
मृतक सागर गोप परसुडीह के बारीगोड़ा क्षेत्र का निवासी था और बर्मामाइंस स्थित एक निजी कंपनी में हेल्पर के रूप में कार्यरत था। बताया जाता है कि वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार ट्रेलर चालक की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है

