नशे में हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की रॉड से पीटकर की हत्या
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र की झाबरी बस्ती में भाई-भाई के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई की लोहे की रॉड से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त रॉड बरामद कर लिया है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय सनातन हेंब्रम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रविवार रात नशे की हालत में किसी बात को लेकर सनातन और उसके छोटे भाई दुखू हेंब्रम के बीच विवाद हो गया। इस दौरान दुखू ने सनातन के सिर पर लोहे की रॉड से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी घायल भाई को घर लाकर कमरे में सुला दिया और परिजनों को मारपीट की जानकारी नहीं दी। सोमवार रात जब वह कमरे में गया तो सनातन मृत मिला। सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि आरोपी दुखू हेंब्रम को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

