देवघर में झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की कार्यसमिति बैठक संपन्न, पूर्वी सिंहभूम को उत्कृष्ट जिला सम्मान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर/देवघर: देवघर में आयोजित झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की तृतीय कार्यसमिति बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने 49 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्य में सर्वाधिक सहभागिता दर्ज कराई, जिसके लिए उसे “उत्कृष्ट जिला पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
प्रांतीय अध्यक्ष ने पूर्वी सिंहभूम जिला सम्मेलन को “झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन का हृदय स्थल” बताते हुए जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल एवं उनकी टीम के कार्यों की सराहना की। इस दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया।
बैठक में संविधान संशोधन, महापंचायत एवं संपत्ति संरक्षक मंडल के गठन को मंजूरी दी गई। महापंचायत का संयोजक पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार तथा संपत्ति संरक्षक मंडल का संयोजक पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल को बनाने पर सहमति बनी।
सम्मेलन कार्यालय एवं करीब 25 लाख रुपये की राशि ट्रस्ट में स्थानांतरित किए जाने के मामले पर भी गंभीर चर्चा हुई।
इस संबंध में ट्रस्ट पदाधिकारियों को 31 अगस्त तक समाधान प्रस्तुत करने का समय दिया गया, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बैठक के बाद प्रतिनिधियों ने बाबा बैद्यनाथ धाम और श्री श्याम मंदिर में दर्शन-पूजन कर समाज, संगठन और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की। लगभग 150 प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न बैठक में संगठन विस्तार और समाजहित के कार्यों को नई गति देने का संकल्प लिया गया।

