रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-17 स्थित प्रभात पार्क क्षेत्र में बढ़ती अव्यवस्था, नशाखोरी और कथित अवैध उगाही के खिलाफ वार्ड पार्षद नीतू शर्मा ने मोर्चा खोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधायक Champai Soren से उनके झिलिंगगोड़ा स्थित आवास पर मुलाकात कर क्षेत्र की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। नीतू शर्मा ने बताया कि पार्क, जो लोगों के घूमने-फिरने और मनोरंजन का प्रमुख स्थल है, उसके आसपास संचालित कुछ दुकानों के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग दुकानदारों को भयभीत कर अवैध वसूली करते हैं तथा नशीले पदार्थों की बिक्री को बढ़ावा दे रहे हैं। इसके कारण क्षेत्र में आए दिन मारपीट, चाकूबाजी, मोबाइल छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल बना हुआ है। पार्षद नीतू शर्मा ने पार्क की गरिमा और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्क के आसपास स्थित दुकानों को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक चंपाई सोरेन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रभात पार्क जैसी सार्वजनिक जगहों को अतिक्रमण, गंदगी और अवैध गतिविधियों से मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। जांच में शिकायतें सही पाए जाने पर नगर निगम के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा झूठ बोलकर या दबाव बनाकर पैसे की उगाही करने वाले दुकानदारों एवं संबंधित संवेदकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विधायक ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ और आम जनता के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

