चांदी साफ करने के बहाने महिलाओं को बनाते थे निशाना, छह सदस्यीय ठग गिरोह गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवादाता
पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में महिलाओं से ठगी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। चांदी के गहने साफ करने का झांसा देकर कीमती आभूषण हड़पने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के पास से मंगलसूत्र, चांदी साफ करने वाला केमिकल, एसिड, कटर, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और तीन बाइक बरामद की गई हैं।
मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बतलाया की, मामला नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के हुल्सी खुर्द गांव का है, जहां दो युवक एक महिला के पास पहुंचे और उसके मंगलसूत्र को साफ करने का प्रस्ताव दिया। आरोपियों ने महिला को भरोसे में लेकर मंगलसूत्र को एक पुड़िया में लपेटकर वापस कर दिया और कहा कि दस मिनट बाद खोलने पर यह चमक उठेगा। लेकिन महिला को शक हुआ और उसने तुरंत पुड़िया खोलकर देखा तो उसमें मंगलसूत्र नहीं था।
महिला की सूझबूझ और ग्रामीणों की तत्परता से दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल गांव पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह तीन अलग-अलग टीमों में बंटकर गांव-गांव घूम रहा था और इसी तरह लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चार अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से महिला का मंगलसूत्र, चांदी साफ करने वाला सफेद पाउडर, एसिड युक्त डिब्बा, लोहे के काटने वाले औजार, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन तथा एक अपाचे, एक पल्सर और एक होंडा बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अधिकांश आरोपी बिहार के सुपौल और अररिया जिले के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये स्थानीय निवासी नहीं हैं, बल्कि बाहर से आकर इलाके में ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य जिलों में हुई समान घटनाओं से कनेक्शन की जांच कर रही है।

