बिहार में दूसरे चरण की 5 लोकसभा सीटों पर मतदान शुरू ,11 बजे तक कुल 21.68% मतदान
बिहार में दूसरे चरण के लिए पांच संसदीय क्षेत्रों किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका सीट पर मतदान जारी है। दूसरे चरण की सभी पांच सीटों पर चुनाव लड़ने की वजह से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रमुख घटक जनता दल यूनाइटेड के लिए अग्निपरीक्षा है। वहीं सभी पांच लोकसभा क्षेत्र में 50 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से 3 महिलाएं जबकि 47 पुरुष प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। पूर्णिया से निर्दलीय उम्मीदवार पप्पू यादव ने कहा, “पूर्णिया को मैंने अपनी मां के रूप में चुना है। यह आज हॉट सीट क्यों है? क्योंकि यहां के लोगों ने न किसी दल, न पीएम मोदी, न लालू, न नीतीश सिर्फ पप्पू यादव को चुना… जाति, धर्म, मजहब से ऊपर उठकर लोगों ने मुझे चुना…”
5 सीटों पर ये उम्मीदवार हैं चुनावी मैदान में
वहीं, महागठबंधन की ओर से कांग्रेस तीन सीटों कटिहार, किशनगंज और भागलपुर तथा राष्ट्रीय जनता दल दो सीटों पूर्णिया और बांका में चुनाव लड़ रही है। इस चुनाव में जदयू के प्रमुख प्रत्याशियों में निवर्तमान सांसद अजय कुमार मंडल, दुलालचंद गोस्वामी, संतोष कुमार कुशवाहा और गिरधारी यादव शामिल हैं जबकि निवर्तमान कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद फिर से मैदान में हैं। कांग्रेस के अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में तारिक अनवर और अजीत शर्मा शामिल हैं। बता दें कि हाल ही में जदयू से इस्तीफा देकर राजद में शामिल हुईं पूर्व जदयू विधायक बीमा भारती और पूर्व सांसद जयप्रकाश यादव राजद उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं।
5 लोकसभा क्षेत्र में कुल 93,96,298 मतदाता
बता दें कि बिहार के दूसरे चरण की 5 लोकसभा क्षेत्र में कुल 93,96,298 मतदाता हैं, जिनमें 48,81,437 पुरुष मतदाता हैं जबकि 45,14,555 महिलाएं हैं। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 306 है. इसमें पहली बार वोटिंग करने वाले मतदाताओं की संख्या 1,37,773 है। पांच लोकसभा क्षेत्र में सबसे अधिक भागलपुर में 1983031 मतदाता हैं जबकि सबसे कम किशनगंज में 1829994 मतदाता हैं।
5 लोकसभा सीट के लिए बनाए गए 5436 मतदान केंद्र
बिहार के दूसरे चरण की सभी 5 सीटों के लिए कुल 5436 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें किशनगंज में 1007, कटिहार में 1025, पूर्णिया में 983, भागलपुर में 1072 और बांका में 1349 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

