वैशाली में गंगा नदी में नाव पलटी, 8 लोगों की मौत की खबर; मृतकों में अधिकांश बच्चे
राघोपुर के रामपुर श्यामचंद गांव की घटना, भोज खाने जा रहे थे ग्रामीण; प्रशासन की निगरानी पर भी उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
वैशाली/बिहार। वैशाली जिले के राघोपुर स्थित रामपुर श्यामचंद गांव के पास गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नाव पर सवार करीब 20 से 30 लोग पड़ोसी गांव में भोज खाने जा रहे थे। इसी दौरान नाव नदी में पलट गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में 8 लोगों की मौत की खबर है। मृतकों में अधिकांश बच्चों के होने की बात सामने आ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (डीएम), पुलिस अधीक्षक (एसपी) समेत कई प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। नदी से निकाले गए लोगों को इलाज के लिए एनएमसीएच भेजे जाने की जानकारी है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि किए जाने का इंतजार है।
प्रतिबंध के बावजूद नाव परिचालन पर सवाल
बताया जा रहा है कि गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने निजी नावों के परिचालन पर रोक लगा रखी है। इसके बावजूद नाव से लोगों की आवाजाही जारी रहने की बात सामने आई है। ऐसे में सवाल उठता है कि प्रतिबंध के बावजूद नाव का परिचालन कैसे हो रहा था और इसकी निगरानी क्यों नहीं की गई?
फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य तथा मृतकों की वास्तविक संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इलाके में चिंता और शोक का माहौल है।

