मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर VAF की बैठक, 30 जून से 29 जुलाई तक चलेगा अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल संचालन और जनजागरूकता को लेकर मंगलवार को जिले के विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थानों के वोटर अवेयरनेस फोरम (VAF) के सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले अभियान की जानकारी देते हुए सभी सदस्यों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।
बैठक में बताया गया कि अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन एवं प्रपत्र संग्रहण करेंगे। VAF सदस्यों से कहा गया कि वे अपने-अपने कार्यालयों के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों को अभियान की जानकारी दें तथा पात्र मतदाताओं को समय पर प्रपत्र भरने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करें। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सही जानकारी का प्रचार-प्रसार कर किसी भी तरह की भ्रांति दूर करने और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया।

