चाईबासा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत छोटानागरा थाना क्षेत्र के चुरगी गांव में खाना बनाने के दौरान एक 18 वर्षीय विवाहिता गंभीर रूप से झुलस गई। पीड़िता की पहचान प्रभा तिर्की के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घर में चूल्हे पर भोजन बना रही थी। इसी दौरान अचानक उसे चक्कर आ गया और संतुलन बिगड़ने से वह जलते चूल्हे पर ही गिर पड़ी। आग की चपेट में आने से उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल इलाज की व्यवस्था करने की कोशिश की, लेकिन साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे समय पर अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। करीब 14 घंटे बाद शनिवार सुबह लगभग 11 बजे उसे इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्चतर केंद्र रेफर कर दिया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महिला 70 प्रतिशत से अधिक झुलस चुकी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

