जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित आईएसओ गेट परिसर में सोमवार को पाइपलाइन बिछाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार परिसर के भीतर मशीन से पाइपलाइन बिछाने के लिए बोरिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान बोरिंग में उपयोग किया जा रहा लोहे का भारी-भरकम ट्राइपॉड अचानक अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। पास में काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान दीघा निवासी हरिदास के रूप में हुई है। ट्राइपॉड सीधे उनके ऊपर गिरा, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना में एक अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

